पंजाब के मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, मोहाली-अमृतसर में मचा हड़कंप! ई-मेल और फोन कॉल से मिली धमकी, बम स्क्वाड और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, नहीं मिला कोई विस्फोटक
मोहाली/अमृतसर: पंजाब के मोहाली और अमृतसर के बड़े शॉपिंग मॉल्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मॉल खाली करवाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
मोहाली: VR पंजाब मॉल में बम की धमकी से हड़कंप
मोहाली पुलिस के एस.पी. मनप्रीत सिंह अपनी टीम के साथ VR पंजाब मॉल पहुंचे। बम निरोधक दस्ते, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें एक ई-मेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली थी। लेकिन सर्च ऑपरेशन में मॉल के अंदर कोई विस्फोटक नहीं मिला।
अमृतसर: ट्रिलियम मॉल में भी सुरक्षा अलर्ट
अमृतसर के VR मॉल (ट्रिलियम मॉल) में भी पुलिस टीमों ने डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया। डीसीपी हैडक्वार्टर सतवीर सिंह अटवाल ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को एक अज्ञात कॉलर से बम धमकी मिली थी। इस सूचना के बाद मॉल को सील कर सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया।
गुरुग्राम-जयपुर में भी मिली थीं ऐसी धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुग्राम के एंबियंस मॉल और जयपुर के एक बड़े मॉल को भी बम से उड़ाने की धमकी भरी कॉल मिल चुकी है। हालांकि, इन सभी जगहों पर कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुटी है कि इन धमकियों के पीछे कौन है।
