ED की बड़ी कार्रवाई! हरियाणा-पंजाब में 122 करोड़ की 145 प्रॉपर्टी अटैच, मौजूदा विधायक पर शिकंजा
मनी लॉन्ड्रिंग केस में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक दिलबाग सिंह समेत कई बड़े नेताओं पर ईडी का एक्शन, गुरुग्राम, पंचकूला, मोहाली समेत कई शहरों में छापेमारी चंडीगढ़: हरियाणा के बहुचर्चित खनन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा एक्शन लेते हुए 122 करोड़ रुपए की 145 प्रॉपर्टी अटैच कर दी हैं। इनमें हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में फैली 100 एकड़ से अधिक एग्रीकल्चर लैंड भी शामिल है।
ईडी की यह कार्रवाई गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, चंडीगढ़ और पंजाब के मोहाली में की गई। इस मामले में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व INLD विधायक दिलबाग सिंह, बिल्डर इंद्रपाल सिंह, कांग्रेस नेता मनोज वधवा, कुलविंदर सिंह, अंगद सिंह मक्कड़, भूपिंदर सिंह और उनके सहयोगियों को आरोपी बनाया गया है।
विधायक पर 25 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
इससे पहले 4 जनवरी को ईडी ने सोनीपत के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के सेक्टर-15 स्थित घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी। साथ ही पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और करनाल में भी रेड मारी गई थी। फिलहाल दिलबाग सिंह अंबाला जेल में बंद हैं।
ईडी के मुताबिक, विधायक सुरेंद्र पंवार पर 25 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज है, जिनके खिलाफ 8 मामले पहले से दर्ज हैं। एक मामला खुद ईडी ने दर्ज किया है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद हरियाणा और पंजाब की सियासत में हलचल मच गई है।
