पंजाब-हिमाचल में हड़कंप! बर्खास्त BSF कांस्टेबल ने किया हाईप्रोफाइल बच्चे का अपहरण, 2 करोड़ की फिरौती मांगी पठानकोट से दिनदहाड़े 6 साल के मासूम का अपहरण, फिरौती की चिट्ठी छोड़ भागे आरोपी, पंजाब-हिमाचल पुलिस ने रातों-रात किया बड़ा ऑपरेशन
पठानकोट: जिले में सनसनीखेज अपहरण का मामला सामने आया है, जहां एक हाईप्रोफाइल परिवार के 6 साल के बच्चे का दिनदहाड़े स्कूल से लौटते समय अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने बच्चे को हिमाचल ले जाकर परिजनों से 2 करोड़ की फिरौती मांगी। इस वारदात को अंजाम देने वालों में एक बर्खास्त BSF कांस्टेबल भी शामिल था।
घटना शुक्रवार को सैली रोड स्थित शाह कॉलोनी में हुई, जब सफेद कार सवार बदमाशों ने मासूम को उसकी बहन के सामने ही अगवा कर लिया। जाते-जाते आरोपियों ने एक चिट्ठी भी फेंकी, जिसमें धमकी भरे शब्दों में फिरौती की मांग की गई थी।
CCTV फुटेज से खुलासा, पंजाब-हिमाचल पुलिस ने किया बड़ा ऑपरेशन
बच्चे की बहन ने चिट्ठी परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि बदमाश हिमाचल की ओर भागे हैं। डीआईजी बॉर्डर रेंज सतिंदर सिंह के निर्देश पर पंजाब और हिमाचल पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया और कुछ ही घंटों में हिमाचल के नूरपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पूर्व BSF कांस्टेबल है, जिसे पहले भी कई मामलों में बर्खास्त किया जा चुका है। बच्चे को सुरक्षित बरामद कर माता-पिता को सौंप दिया गया। पीड़ित परिवार ने पंजाब और हिमाचल पुलिस की तत्परता और सफलता की सराहना की।
