मौसम विभाग की चेतावनी, इन 6 राज्यों में 4 दिनों तक आफत बनकर बरसेगी बारिश
देश में एकबार फिर मानसून काफी सक्रिय हो गया है। पिछले दो दिनों से कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश का ये दौर अगले तीन से चार दिनों तक जारी रहेगा। एमआईडी (IMD) ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश ने यहां मौसम को खुशगवार बन दिया है। लोगों को उमस भरी भारी गर्मी से राहत मिली है। लेकिन भारी बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलजमाव मुसीबत बना गई है। सड़कों पर जलभराव के कारण गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ी है।
दिल्ली के आईटीओ इलाके में सड़क पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। आईटीओ पर धुटनों से ऊपर पानी पहुंच गया है। मिंटो ब्रिज जलमग्न हो गया है। जिसके कारण मिंटो ब्रिज की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद करना पड़ा है। तिलक ब्रिज पर भी भारी जलजमाव देखने को मिल रहा है। यह आलम लगभग पूरे दिल्ली में है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 3-4 दिनों के तक उत्तराखंड में भारी वर्षा की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश के आसार हैं। हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेस समेत कई राज्यों में अगले दो दिन तक अच्छी बारिश की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है।
