मौसम विभाग की चेतावनी, डेरा डालेंगे बादल, इन इलाकों में होगी ओले के साथ आफत की बारिश

rain

मार्च के महीने में शुरू से ही मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है, जिसके चलते तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट बदलेगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तेज तेज हवा चलने की संभावना जताई जा रही है। अगले दो-तीन दिन प्रदेश में बूंदाबांदी की उम्मीद है। 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखने को मिल सकता है। बिहार के कुछ जिलों में आंधी-तूफान एवं गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिणी और मध्य बिहार में अभी से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। 

भारतीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जुमई में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की अधिक संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा के झज्जर और हिसार में अगले कुछ घंटों में बारिश होने का अनुमान है। 

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना के साथ जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश (2.5 मिमी तक) और जिले के उच्चे स्थानों पर हल्की बर्फबारी (2.5 सेमी तक) हो सकती है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस इस समय जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपर बना हुआ है।

इसके प्रभाव से चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे भागों के ऊपर है, जिससे अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालयी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी, जबकि पूर्वोत्तर भारत में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।