वरुण गांधी ने अपनी ही सरकार के खिलाफ फिर खोला मोर्चा, अब बेरोजगारी को लेकर उठाए ये सवाल

varun-gandhi

केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने गुरुवार को बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। कई मामलों में अपनी ही पार्टी की आलोचना करने वाले वरुण गांधी ने भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, घोटालों और पेपर लीक के मुद्दों को उठाने के लिए ट्विटर का सहारा लिया।

भाजपा सांसद ने ट्वीट किया, ”पहले तो सरकारी नौकरी ही नहीं है, फिर भी कुछ मौका आए तो पेपर लीक हो, परीक्षा दे दी तो सालों साल रिजल्ट नहीं, फिर किसी घोटाले में रद्द हो। रेलवे ग्रुप डी के सवा करोड़ नौजवान दो साल से परिणामों के इंतज़ार में हैं। सेना में भर्ती का भी वही हाल है। आखिर कब तक सब्र करे भारत का नौजवान?”

पिछले रविवार को होने वाली UPTET 2021 की परीक्षा कथित पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई थी। रद्द होने के बाद कानून व्यवस्था के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) प्रशांत कुमार ने कहा कि पेपर लीक मामले में कम से कम 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वरुण गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ”UPTET परीक्षा पेपर लीक होना लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है। इस दलदल की छोटी मछलियों पर कार्यवाही से काम नहीं चलेगा, उनके राजनैतिक संरक्षक शिक्षा माफियाओं पर कठोर कार्यवाही करे सरकार। क्योंकि अधिकांश शिक्षण संस्थानों के मालिक राजनैतिक रसूख दार हैं, इनपर कार्यवाही कब होगी?”