उत्तरकाशीः गंगोत्री यमनोत्री में रिकार्ड श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी, जिला प्रशासन व्यवस्थाओ पर मुस्तैद
उत्तरकाशी। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी है। यमुनोत्री धाम में मंगलवार को रिकॉर्ड संख्या में 15630 श्रद्धालुओं का आगमन हुआ जबकि गंगोत्री धाम में 11734 श्रद्धालु पहुंचे।
जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने यात्रा रूट पर तैनात किए गए अधिकारियों को अपने सेक्टर में ही बने रहकर यात्रा को सुचारू व सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हमेशा मोबाईल फोन खुले रख यात्रियों की सहायता की प्रत्येक कॉल पर तत्परता से कार्रवाई करने की हिदायत देते हुए कहा कि यात्रा मार्गों पर यात्रियों से अधिक कीमत वसूलने के मामलों पर भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाय। प्रशासन के द्वारा रोके गए जरूरतमंद यात्रियों के लिए रामलीला मैदान उत्तरकाशी एवं पालीगाड में भंडारे की व्यवस्था भी शुरू की गई है।
जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने मुख्य विकास अधिकारी जय किशन तथा अन्य अधिकारियों के साथ यात्रा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर तीर्थयात्रियों की टेलीफोन कॉल एवं उनके निस्तारण के ब्यौरे की समीक्षा करने के साथ ही सीसीटीवी फीड के जरिए गंगोत्री व यमुनोत्री धाम तथा यात्रा मार्गों व पड़ावों की स्थिति की निगरानी कर वाहनों के आवागमन एवं यात्रियों की सहायता को लेकर यात्रा मार्गों पर तैनात अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बीआरओ तथा राजमार्ग डिवीजन सहित पुलिस व परिवहन विभाग को सड़क पर खराब होने वाले वाहनों को तत्काल हटाने के लिए क्रेन व टोईंग मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही धामों एवं प्रमुख पड़ावों में खाद्यान्न, कुकिंग गैस, डीजल-पेट्रोल आदि ईंधन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक रखे जाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षित व व्यवस्थित यात्रा के लिए गंगोत्री रूट पर भी गेट सिस्टम लागू किया गया है। उन्होंने यात्रा रूट पर तैनात सभी अधिकारियों व संबंधित विभागों से वस्तुओं व सेवाओं की कीमतों पर निरंतर नजर रख कार्रवाई करने को कहा है।
मंगलवार सायं 7.00 बजे तक गंगोत्री धाम में 990 वाहनों के जरिए 11734 यात्री पहॅुचे तथा यमुनोत्री में 1262 वाहनों के माध्यम से 15630 यात्रियों का आगमन हुआ। गंगोत्री धाम में देर सायं तक यात्रियों के आवागमन एवं स्नान-पूजन का सिलसिला जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज वाहनों के दबाव को देखते हुए गंगोत्री रूट पर गंगोत्री में 1000, नगुण में 50, धरासू में 25, गंगनानी में 200, सोनगाड में 300, लंका में 50 एवं हर्षिल में 150 के करीब वाहनों को रोके रखते हुए नियंत्रित रूप से अगले गंतव्य हेतु रवाना करवाया गया। इसी प्रकार यमुनोत्री मार्ग पर डामटा में 100, खरादी में 125, पालीगाड में 400, खरसाली व जानकीचट्टी में 300 और दोबाटा में 100 तथा शिवगुफा ब्रह्मखाल में 250 के करीब वाहनों को रोक कर नियंत्रित रूप से अगले गंतव्य हेतु रवाना करवाया गया।
गेट सिस्टम के चलते यमुनोत्री मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से सुव्यवस्थित व सुचारू रही है। गंगोत्री मार्ग पर रूक-रूक कर आवाजाही होती रही और देर सायं तक समूचे गंगोत्री मार्ग पर यातायात को सुचारू कर लिए जाने की सूचना है।
