उत्तराखंड में अगले सत्र से बंद हो जाएंगे 254 स्कूल

0
UP Primary School
अगले शिक्षा सत्र से उत्तराखंड में 254 विद्यालय बंद हो जाएंगे। पहले चरण में शून्य से कम छात्र संख्या वाले इन स्कूलों का विलीनीकरण फाइनल हो गया है।

इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को एक किमी के दायरे में आने वाले स्कूलों में पढ़ने के लिए भेजा जाएगा। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा के 18 हाईस्कूल और इंटर कालेज भी बंद किए जा रहे हैं। इनका पास के स्कूलों में विलीनीकरण किया जाएगा।

मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने ऐसे स्कूलों में जहां छात्र हैं ही नहीं या छात्रों की संख्या 10 से कम है, उन्हें एक किमी के दायरे में आने वाले स्कूलों में विलीन करने के निर्देश दिए थे। शिक्षा के अधिकार में भी इस संबंध में प्रावधान किया गया है।

इन स्कूलों को बीच सत्र में ही बंद किया जाना था, लेकिन विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के साथ बैठक में यह तय किया गया था कि स्कूलों का विलीनीकरण अगले शिक्षा सत्र से किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने पहले चरण में शून्य छात्र संख्या वाले स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है।

अप्रैल, 2018 से यह निर्णय लागू हो जाएगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने पहले ही सर्वे का कार्य पूरा कर लिया था। अब माध्यमिक स्कूलों का सर्वे कार्य किया जा रहा है। पहले चरण में सिर्फ 18 स्कूलों का ही विलीनीकरण किया जा रहा है।

कम संख्या वाले हाईस्कूलों का विलीनीकरण पांच किमी और इंटर कालेज का विलीनीकरण 10 किमी दायरे में आने वाले स्कूलों में किया जाएगा। महानिदेशक विद्यालयी कैप्टन आलोक शेखर तिवारी ने बताया कि विलीनीकरण का आदेश अप्रैल, वर्ष 2018 से लागू किया जाना है। पहले चरण में शून्य छात्र संख्या वाले विद्यालयों का विलीनीकरण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *