उत्तराखंड -मौसम के तेवर तल्ख, इस दिन से बर्फबारी और बारिश की आशंका
देहरादून। उत्तराखंड में फिर से मौसम के बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को प्रदेश में कई स्थानों पर बर्फबारी के साथ ही निचले स्थानों पर बारिश के आसार बन रहे हैं। हालांकि मंगलवार को मौसम साफ रहा।
प्रदेश में भले ही दो गिन लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद उठाया हो, लेकिन बुधवार से उनकी मुसीबतों में इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश और बर्फबारी का दौर एक बार फिर से चल सकता है। इसकी वजह से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा।
रास्ते बंद, अंधेरे में गुजारनी पड़ रही रात
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से बढ़ी दुश्वारियों का दौर अभी खत्म भी नहीं हुआ है। हालात ये है कि गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है और मोटर मार्ग बाधित है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बर्फीली हवा से लोग बेचैन हैं। पांच शहरों में पारा जमाव बिंदु या इससे नीचे जा पहुंचा है। पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम है।
बर्फ पिघलाकर बुझ रही प्यास
चकराता में हिमपात से पेयजल लाइनों के स्रोत जमने पर लोगों को बर्फ पिघलाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। बर्फ प्रभावित गांवों में पिछले दो सप्ताह से लाइनों में पेयजल आपूर्ति ठप है। जल संस्थान के अधिकारी भी पेयजल समस्या दूर नहीं कर पा रहे हैं।
