उत्तराखंडः कोरोना का कहर, 24 घंटे में 188 मरीजों की मौत, सामने आए 4496 नए संक्रमित
1223462417
देहरादून। उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 4496 संक्रमित मरीज सामने आए और 188 मरीजों ने दम तोड़ा है। वहीं, 5034 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। कुल संक्रमितों की संख्या 287286 हो गई है। जबकि सक्रिय मामले 78802 पहुंच गए हैं। हालांकि ठीक होने वालों की संख्या में तेजी आयी है, लेकिन राज्य के लिये सबसे खतरनाक बात यह है कि प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमितों की मौत का आकडा कम नही हो रहा है। आये दिन कोरोना वायरस के कारण लोगों की जान जा रही है। वहीं हिमालयी राज्यों की बात करे तो उत्तराखंड डेथ रेट में सबसे आगे निकल गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रविवार को 29797 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि देहरादून जिले में 1248 कोरोना मरीज मिले हैं। हरिद्वार में 572 , ऊधमसिंह नगर 393, नैनीताल में 117, टिहरी में 498, पौड़ी में 391, रुदप्रयाग में 356, अल्मोड़ा में 65, उत्तरकाशी में 351, पिथौरागढ़ में 100, चमोली में 211, चंपावत में 41, बागेश्वर जिले में 153 संक्रमित मिले हैं। वहीं, अब तक प्रदेश में 4811 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। 5034 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिला कर 198530 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश की रिकवरी दर 69.11 प्रतिशत और सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर 6.74 प्रतिशत दर्ज की गई है।
संक्रमण में मैदानों को पीछे छोड़ रहे पर्वतीय जिले
प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पर्वतीय जिले संक्रमण के मामले में मैदानों को पीछे छोड़ रहे हैं। रविवार को नैनीताल और ऊधमसिंह नगर से ज्यादा संक्रमित टिहरी जिले में मिले हैं। वहीं, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिले में नैनीताल से ज्यादा संक्रमित सामने आए हैं। प्रदेेश में भले ही कोरोना संक्रमित मामलों में थोड़ी कमी आई है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पहले जहां पर संक्रमण से चार मैदानी जिले देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले सबसे प्रभावित थे। वहीं कोरोना की दूसरी लहर में गांवों में संक्रमण बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में हरिद्वार जिले में 117, ऊधमसिंह नगर जिले में 393 संक्रमित मिले हैं। जबकि टिहरी जिले में संक्रमितों की संख्या 498 रही। इसी तरह उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिले में नैनीताल से ज्यादा संक्रमित मामले सामने आए हैं।
