UPSC CDS 2024 रिजल्ट: हरियाणा के आदित्य यादव ने मारी बाजी, बने ऑल इंडिया टॉपर नारनौल के बेटे ने किया प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन, बचपन से था सेना में जाने का सपना
नारनौल : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने CDS 2024 परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है, जिसमें हरियाणा के नारनौल मंडी अटेली क्षेत्र के गांव बेगपुर निवासी आदित्य यादव ने ऑल इंडिया टॉप कर इतिहास रच दिया है। इस परीक्षा में कुल 349 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। रिजल्ट UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध है।
आदित्य की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। आदित्य के पिता सतीश कुमार भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, माता सुनीता निजी विद्यालय में अध्यापिका हैं, जबकि उनके दादा भी भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं।
आदित्य पहले भी UPSC असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 20 प्राप्त कर चुके हैं।
ग्रामीण युवा नवीन ने बताया कि आदित्य ने यदुवंशी स्कूल नारनौल से शिक्षा प्राप्त की और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी में स्नातक किया। शुरू से ही वह मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं। आदित्य का सपना सेना में जाकर देश सेवा करना था और आज अपने कठिन परिश्रम से उन्होंने इस सपने को साकार कर दिखाया है।
आदित्य की सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों जैसे लखनलाल, संजय खोश्या, दिनेश आर्य, दयानंद, अमित सहाब समेत कई लोगों ने बधाई दी।
