यूपी विधानसभा में सपा विधायकों का हंगामा, संविधान बचाओ देश बचाओ के लगाए नारे

0
a49c9d497a77b4276157f9d87260d095_342_660

उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र का पहला ही दिन हंगामे की भेंट चढ़ गया। गुरुवार को सीएए/ एनआरसी और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी विधायकों ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भाषण के दौरान सदन और सदन के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आज से उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। सदन में जैसे ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का भाषण शुरू हुआ। विपक्षी दलों के विधायक हंगामा करने लगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। सदन के भीतर समाजवादी पार्टी के विधायक हाथों में तख्ती लिए नजर आए और साथ ही वे संविधान बचाओ देश बचाओ के नारे भी लगाते भी दिखे।

बता दें कि बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सपा विधायकों ने विधान भवन स्थित चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए। सपा के दोनों सदनों के सदस्यों ने इस दौरान नागरिकता संशोधन कानून, बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं पर अत्याचार, गन्ना, धान व आलू किसानों की समस्याओं को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। सपा के सभी एमएलए और एमएलसी चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास धरने पर बैठे रहे।

संविधान बचाओ देश बचाओ के लगे नारे

इस दौरान समाजवादी पार्टी के विधायकों ने हाथों में तख्ती ले रखी थी। साथ ही वे संविधान बचाओ देश बचाओ के नारे भी लगा रहे थे। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, “उत्तर प्रदेश में भाजपा के कुशासन से खत्म होते व्यापार-रोजगार, किसानों के विनाश, असुरक्षित बहू बेटियों, व्यापारियों, रोज बढ़ रहे बिजली-रसोई गैस के दाम के खिलाफ विधानसभा में सपा विधायकों का विरोध प्रदर्शन। सदन से लेकर सड़क तक जारी रहेगा जनता के लिए समाजवादियों का संघर्ष!”

“बेलगाम अपराध, असुरक्षित बेटियों और व्यापारियों, खत्म हो रहे व्यापार, पिछड़ों दलितों अल्पसंख्यकों पर बढ़ते सरकारी अत्याचार, ऐतिहासिक बेरोजगारी और दम तोड़ रहे किसान को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर में समाजवादी पार्टी विधायकों का ‘ हल्लाबोल ‘!”

आज से बजट सत्र शुरू

गौरतलब है कि आज से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। यह सत्र 13 फरवरी से 07 मार्च तक चलेगा। इस दौरान 18 फरवरी को दोपहर 12.20 पर उत्तर प्रदेश का बजट पेश किया जाएगा। यह मौजूदा वित्तीय वर्ष का बजट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *