ट्विटर इंडिया प्रमुख को गिरफ्तारी का डर, बेंगलुरु में दी अग्रिम जमानत की अर्जी

agen

ट्विटर इंडिया के प्रमुख मनीष माहेश्वरी ने गाजियाबाद पुलिस की पूछताछ से पहले कर्नाटक हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। लोनी वायरल वीडियो मामले में माहेश्वरी ने बुधवार 23 जून को याचिका दायर कर ट्रांजिट अग्रिम जमानत की मांग की है। इस याचिका में यूपी पुलिस द्वारा जारी सीआरपीसी की धारा 41 ए को चुनौती दी गई है।

सूत्रों के अनुसार मनीष माहेश्वरी गाजियाबाद के लोनी थाने में पुलिस पूछताछ के लिए पहुंच सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि मनीष ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ही कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। गाजियबाद पुलिस ने बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति के हमले से संबंधित जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया है।

गाजियाबाद पुलिस ने 15 जून को ट्विटर इंक, ट्विटर कम्युनिकेशंस इंडिया, समाचार वेबसाइट द वायर, पत्रकार मोहम्मद जुबैर और राणा अय्यूब के अलावा कांग्रेस नेताओं सलमान निजामी, मस्कूर उस्मानी, शमा मोहम्मद और लेखक सबा नकवी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

उन पर एक वीडियो प्रसारित होने को लेकर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें बुजुर्ग व्यक्ति अब्दुल शमद सैफी का दावा है कि 5 जून को कुछ युवकों ने उनकी कथित रूप से पिटाई की और उनसे ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि वीडियो को सांप्रदायिक अशांति फैलाने के लिए शेयर किया गया था।