ट्रंप से मिलकर पुतिन बोले- हमारे रिश्ते मजबूत करने का वक्त आ गया

0
trump-putin

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के बीच आज ऐतिहासिक शिखर वार्ता हुई। ट्रंप ने जहां ‘असाधारण संबंधों’ का वादा किया, वहीं पुतिन ने कहा कि दुनिया भर में विवादों का हल समय की जरूरत है। गंभीर दिख रहे दोनों नेताओं ने शिखर वार्ता की शुरूआत पर संवाददाताओं के सामने ये टिप्पणियां कीं। जहां ट्रंप ने बैठक की संभावनाओं को माना, वहीं पुतिन ने कहा, ”हमारे संबंधों एवं दुनिया की समस्याओं को लेकर एक मजबूत तरीके से बात करने का समय आ गया है।’

ट्रंप ने फुटबॉल विश्व कप की सफल मेजबानी के लिए पुतिन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिखर वार्ता में व्यापार से लेकर सेना और मिसाइल से लेकर परमाणु हथियार और चीन तक तमाम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे लगता है कि दो देशों के रूप में हमारे लिए एक साथ शानदार मौके हैं। बेबाकी से कहूं तो पिछले कुछ सालों से दोनों देशों के संबंध अच्छे नहीं रहे हैं।

उन्होंने कहा, ”मुझे (बतौर राष्ट्रपति) ज्यादा समय नहीं हुआ है, करीब दो साल हुए हैं लेकिन हमारे असाधारण संबंध होंगे। मुझे इसकी उम्मीद है। ट्रंप ने कहा कि शिखर वार्ता में परमाणु निरस्त्रीकरण का मुद्दा शामिल होगा। उन्होंने कहा, ‘और मुझे सच में लगता है कि दुनिया हमारे बीच अच्छे संबंध बनते देखेगी। हम दो बड़ी परमाणु शक्तियां हैं। हमारे पास दुनिया का 90 प्रतिशत परमाणु हथियार है और यह एक अच्छी चीज नहीं है। यह एक बुरी चीज है। पुतिन के साथ पहले सत्र की वार्ता के लिए जाते समय अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ”और जब दुनिया इसका इंतजार कर रही है तो मैं, हमारे बीच होने जा रही व्यक्तिगत चर्चा को लेकर उत्साहित हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *