त्रिपुरा की 60 सीटों पर वोटिंग जारी, सुबह 11 बजे तक 32.06 फीसदी मतदान

Tripura-Assembly-elections-1

त्रिपुरा में 60 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। कड़ी सुरक्षा के बीच 3,337 मतदान केंद्रों पर शाम चार बजे तक मतदान होगा, जिनमें से 1,100 की पहचान संवेदनशील और 28 की संवेदनशील के रूप में पहचान की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) गित्ते किरणकुमार दिनकारो ने कहा कि 60 सीटों के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए 31,000 मतदानकर्मी और केंद्रीय बलों के 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

  • भाजपा सांसद बिप्लब देब ने अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि हम किसी भी चुनाव को छोटा या बड़ा नहीं देखते हैं। जनता सर्वोच्च है और उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने हमें 2018 में सत्ता दी और कोरोना के बावजूद हमने राज्य के सभी क्षेत्रों में काम किया। लोग यह जानते हैं।
  • बिप्लब देब ने कहा कि त्रिपुरा लंबे समय तक अंधेरे में रहा। आज युवा आशावान है, महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान है और बुजुर्ग भरोसा दिखाते हैं। यह गायब था। लोग आज अपने भविष्य के लिए फैसला ले रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में यहां एक बार फिर बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
  • दक्षिण त्रिपुरा के 36-शांतिरबाजार निर्वाचन क्षेत्र में कलाचेरा मतदान केंद्र के बाहर एक भाकपा समर्थक की पिटाई का मामला सामने आया है। साउथ त्रिपुरा के एसपी ने कहा कि घायल को अस्पताल ले जाया गया है। शांतिबाजार थाने में स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। हम जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार करेंगे।
  • विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने विधानसभा चुनाव में वोट डाला।
  • त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग जारी है। सुबह 9 बजे तक राज्य में 13.23 फीसदी मतदान हुआ है।

भाजपा को मिल सकती है कड़ी टक्कर

बता दें कि त्रिपुरा के 60 सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और आज शाम 4 बजे तक चलेगा। त्रिपुरा चुनाव में सत्ता पक्ष भाजपा को कड़ी टक्कर मिल सकती है। भाजपा का मुकाबला कांग्रेस-सीपीएम गठबंधन समेत तृणमूल कांग्रेस और टिपरा मोथा से है। 60 विधानसभा सीटों पर आज 259 उम्मीदवारों की किस्मत पर मुहर लगेगी।

भाजपा ने 55 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है जबकि शेष पांच सीटों को अपने गठबंधन इंडीजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के लिए छोड़ा है। वाम-कांग्रेस गठबंधन सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

चुनाव आयोग के अनुसार, 28.14 लाख से अधिक मतदाता हैं। इनमें 14 लाख 15 हजार 233 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 13 लाख 99 हजार 289 महिला मतदाता हैं। वहीं थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 62 है। 60 सीटों पर चुनाव के लिए 3,337 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राज्य में 97 महिला-प्रबंधित पुलिस स्टेशन हैं। इसमें 18-19 आयु वर्ग के 94,815 मतदाता और 22-29 आयु वर्ग के 6,21,505 मतदाता हैं। मतदाताओं की सबसे अधिक संख्या 40-59 आयु वर्ग में 9,81,089 है।

त्रिपुरा इस साल चुनाव में जाने वाला पहला राज्य है, जबकि नागालैंड और मेघालय विधानसभाओं के लिए मतदान 27 फरवरी को होगा। 2024 में लोकसभा चुनाव के लिए इस साल पांच और राज्यों में चुनाव होने हैं। वोटों की गिनती 2 मार्च को होगी।