मुख्यमंत्री ने किया सैनिकों को समर्पित रेडियो का शुभारम्भ
वीरों की शौर्य गाथाएं अब प्रदेश में हर रोज सुनाई जायेगी। इसके लिए देहरादून में सैनिक रेडियो शुरू किया गया। जिसका उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बाहुल्य प्रदेश है और यह रेडियो सेवानिवृत्त व सेवारत सैनिक, अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस के जवानों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी हमारा भविष्य है उनके मन में किसी भी घटना का गहरा असर होता है, इससे शौर्य, साहस की हमारी सैन्य परंपरा की जानकारी भी युवाओं को प्राप्त होगी तथा वे देश के बेहतर भविष्य में अपना योगदान दे सकेंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने रेडियो आॅन कर इसकी शुरूआत की और इस पहल की सराहना की, उन्होंने कहा कि इस माध्यम से प्रसारित होने वाले जन जागरूकता के कार्यक्रम आम जनता से जुड़ने में भी मददगार होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेडियो देहरादून शहीदों की शौर्य गाथाओं एवं सैन्य परम्पराओं की भी आवाज बनेगा।
