देहरादून। प्रेम, सद्भाव और आस्था के प्रतीक ऐतिहासिक श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में आज पारंपरिक विधि-विधान के साथ 94 फीट ऊंचे झंडे जी का भव्य आरोहण किया गया।
पुराने झंडे जी को उतारने, पूजा-अर्चना और गिलाफ चढ़ाने की दिनभर चली प्रक्रिया के बाद दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में झंडा जी का आरोहण हुआ। सुबह करीब 7 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ पुराने झंडे जी को उतारने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद नए झंडे जी को दूध, दही और गंगाजल से स्नान कराया गया।
परंपरा के अनुसार सुबह 10 बजे से सादे गिलाफ चढ़ाने का कार्यक्रम शुरू हुआ, जबकि दोपहर 1 बजे दर्शनी गिलाफ चढ़ाया गया। इस वर्ष देहरादून के पार्क रोड निवासी व्यापारी अनिल कुमार गोयल के परिवार को दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस दौरान श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने संगत को आशीर्वाद देते हुए सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान के साथ झंडे जी का आरोहण कराया।