एसटीएफ ने चीनू पंडित गैंग के दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
देहरादून। एक बड़ी घटना को अंजाम देने की फ़िराक़ में बैठे दो बदमाशों को एसटीएफ उत्तराखंड ने गिरफ़्तार किया है। इन बदमाशों के पास से तीन पिस्टल, आठ ज़िंदा कारतूस और एक तमंचा जिसके चार ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
ये आरोपी कुख्यात अपराधी विनीत शर्मा उर्फ़ चीनू पंडित जिस पर हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण जैसे 30 से अधिक मुक़दमे दर्ज हैं, गैंग के गुर्गे हैं जो कि निकट भविष्य में एक बड़ी घटना को अंजाम देने की फ़िराक़ में थे। एसटीएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक़ वर्ष 2014 में रूड़की उप कारागार के बाहर हुई गैंगवार में चीनू पंडित गैंग के तीन व्यक्तियों की हत्या कर दी गई थी। अब चीनू पंडित जो गंगनहर जनपद हरिद्वार के जेल में पिछले कई वर्षों से बंद है वह पैरोल पर बाहर आने वाला था। जिसके बाद अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर दूसरी गैंग के गुर्गों को मौत के घाट उतारने की योजना बना रहा था।
हालांकि मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के बाद एसटीएफ ने चीनू पंडित और उसके गुर्गों का यह प्लान पूरी तरह से फ़ेल कर दिया। फ़िलहाल एसटीएफ द्वारा गिरफ़्तार किए गए दो आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है। वहीं चीनू पंडित किस तरह से जेल में बैठकर इस गैंग का संचालन कर रहा था ये भी एक बड़ा सवाल है और उसके बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है।
