बस हादसे में अबतक 36 लोगों की मौत, 6 गम्भीर रूप से घायल

road

अल्मोड़ा। उत्तराखंड अल्मोड़ा में एक भीषण सड़क हादसे की खबर है। इस हादसे में 36 लोगों की मौत हो गयी है और कई अन्य घायल हैं. जानकारी के अनुसार यह घटना मार्चुला के पास हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस पर 45 लोग सवार थे। प्रारंभिक सूचना के अनुसार इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है। कूपी के पास गहरी खाई में बस गिर गयी. पौड़ी से रामनगर की तरफ बस आ रही थी। नैनीताल जिले की पुलिस भी राहत कार्य में जुट गयी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जनपद अल्मोड़ा के मार्चुला में हुई दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन को तेजी के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीमें घायलों को निकालकर उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने हेतु तेजी से कार्य कर रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के लिए भी निर्देश दिए हैं।

जनपद अल्मोड़ा में हुई बस दुर्घटना में गंभीर रुप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु एम्स ऋषिकेश और सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी के लिए एयर लिफ्ट किया गया है।