एक्सक्लूसिव: ‘दीपक’ की आहट से कांग्रेसी कुनबे में उठा धुआं, बड़ी आग लगने का अंदेशा
देहरादून। दीपक की आहट से कांग्रेसी कुनबे में धुआं उठने लगा है। कांग्रेसी रणनीतिकार दीपक जलाकर अपने कुनबे में उजियारा चाहते है लेकिन पार्टी के भीतर ही कुछ पदाधिकारी कहते हैं कि इस दीपक में कोई तेल नहीं है। पूरा मामला उत्तरकाशी कांग्रेस का है जहां जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण के कांग्रेस में शामिल होने की खबर से कांग्रेस में विरोध की आवाज उठने लगी है। विरोध के स्वर इतने बुलंद है कि यदि पार्टी नेतृत्व दीपक बिजल्वाण को पार्टी में शामिल करती है दीपक की लो से कांग्रेस उत्तरकाशी जिले में पूरी तरह झुलस सकती है। उत्तरकाशी कांग्रेस से जुडे पदाधिकारियों का कहना है दीपक बिजल्चाण भ्रष्ट छवि के नेता हैं। उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं।
यमुना घाटी के कांग्रेस अध्यक्ष राजेश सिंह राणा ने आरोप लगाया है कि उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने जनपद में ही नहीं बल्कि उत्तराखंड के इतिहास में घोटाले को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी डीएम की ओर से अपनी जांच आख्या में स्पष्ट रूप से भारी भरकम घोटाले को उजागर किया गया, जो कि लोकतंत्र के इतिहास में काला अध्याय के रूप में जाना जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी अतोल रावत का कहना है कि कांग्रेस के कुछ छुटभैया नेता प्रदेश कांग्रेस और अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता को गुमराह करना चाह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग कांग्रेस का कभी भला नहीं चाहते हैं। उनका कहना है कि यमुनोत्री विधानसभा की जनता को भ्रमित करने की सोची समझी नीति तैयार की जा रही है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उत्तरकाशी कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगमोहन रावत ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि दीपक बिजल्वाण कांग्रेस में शामिल होते हैं तो यमुनोत्री विधानसभा के समस्त कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने पद से त्यागपत्र देने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस मामले में उत्तरकाशी जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व से भी पत्र लिखकर जिला पंचायत अध्यक्ष को कांग्रेस में शामिल न किए जाने का आग्रह किया है।
भ्रष्टाचार की जांच में घिरे उत्तरकाशी के जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण के कांग्रेस में शामिल होने की ख़बरों के बाद उत्तरकाशी के दर्जनों कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से मिलकर उन्हें कांग्रेस में शामिल न करने की मांग की। उत्तरकाशी जिले के कांग्रेस अध्यक्ष जगमोहन सिंह, यमुनाघाटी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, कांग्रेस प्रदेश महामन्त्री अतोल रावत और शूरवीर सिंह रांगड़ ने कहा कि दीपक बिजल्वाण की छवि भ्रष्ट नेता के रूप में है, यदि उन्हें कांग्रेस में शामिल किया गया तो इसका नुकसान पार्टी को जिले की तीनों विधानसभाओं में झेलना पड़ेगा। कांग्रेस में ऐसे विवादित और भ्रष्ट नेताओं के लिए जगह नहीं है।
जिला अध्यक्षों ने कहा कि यदि पार्टी ने कार्यकर्ताओं की भावना को नहीं समझा तो वे सभी मिलकर पार्टी के इस निर्णय का विरोध करेंगे। उल्लेखनीय है कि दीपक बिजल्वाण पर पंचायतों की विभिन्न मदों में गंभीर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप हैं जिसको लेकर जिला अधिकारी और आयुक्त गढ़वाल की जांच में कई आरोपों में वह घिर चुके हैं, लेकिन शासन ने अभी कार्रवाई नहीं की है।
