अखिलेश से नाराजगी की खबरों के बीच सीएम योगी से मिले शिवपाल, बाद में स्वतंत्र देव भी पहुंचे

Shivpal

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की जसवंतनगर सीट से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। शपथ लेने के तुरंत बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। सियासी हलकों में इस मुलाकात की चर्चा इसलिए भी गरम हो गई क्योंकि शिवपाल के वहां से निकलने के तुरंत बाद प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और मंत्री स्वतंत्र देव सिंह योगी से मिलने पहुंच गए।

‘यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी’

अखिलेश यादव से नाखुश बताए जा रहे हैं शिवपाल

इससे पहले वरिष्ठ विधायक शिवपाल सिंह यादव और 3 अन्य ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने कार्यालय में इन 4 नवनिर्वाचित विधायकों को विधान सभा की सदस्यता की शपथ दिलाई। हाल के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में शिवपाल ने इटावा जिले में जसवंतनगर विधानसभा सीट जीती है। उन्होंने अन्य विधायकों के साथ शपथ नहीं ली थी, जो सोमवार और मंगलवार को हुई थी। राजनीतिक गलियारों में ऐसी अटकलें लगायी जा रही थीं कि वह अपने भतीजे और समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव से कुछ नाखुश हैं।

शिवपाल मंगलवार को समाजवादी पार्टी की अध्यक्षता में हुई विपक्षी गठबंधन की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। संपर्क करने पर विधानसभा अधिकारियों ने उनके देर से शपथ लेने के बारे में कुछ नहीं बताया। बुधवार को शपथ लेने वाले 3 अन्य विधायक कैंपियारगंज (गोरखपुर) से फतेह बहादुर सिंह, गोविंदनगर (कानपुर) से सुरेंद्र मैथानी, बिलग्राम-मलावा (हरदोई) से आशीष कुमार सिंह और जसवंतनगर (इटावा में) से शिवपाल सिंह यादव हैं। विधानसभा सूत्रों ने यह भी बताया कि सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान और कैराना विधायक नाहिद हसन समेत 6 विधायकों ने अभी तक शपथ नहीं ली है।