कड़ाके की ठंड में स्कूल जाने को मजबूर बच्चे: शिक्षा विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल ठंड और कोहरे से परेशान अभिभावक, स्कूल समय में बदलाव की मांग तेज, विभाग से कोई आदेश नहीं

0
Screenshot (308)

लुधियाना: पंजाब में सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इसका सबसे अधिक प्रभाव स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड में स्कूल जाना पड़ता है। अभिभावकों और स्कूल प्रबंधनों की लगातार अपीलों के बावजूद शिक्षा विभाग ने स्कूल समय में बदलाव को लेकर अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया है।

पंजाब राज्य बाल अधिकार आयोग ने भी शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर सर्द मौसम को देखते हुए स्कूल समय में बदलाव का सुझाव दिया था। लेकिन विभाग की इस मुद्दे पर चुप्पी ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधनों के बीच असंतोष बढ़ा दिया है।

घने कोहरे के कारण सड़क हादसे भी लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में एक अध्यापिका की जान भी एक दुर्घटना में चली गई, जिसने इस गंभीर स्थिति पर और रोशनी डाली है। अभिभावकों का आरोप है कि सरकार बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर रही है।

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि सरकारी आदेशों के अभाव में वे समय में बदलाव करने में असमर्थ हैं। वहीं, अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा विभाग शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। आज भी स्कूल समय में बदलाव को लेकर विभाग के निर्देशों का इंतजार किया गया, लेकिन देर रात तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ।

अभिभावकों का मानना है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा विभाग को तुरंत स्कूल समय में बदलाव का निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *