संजय राउत आज ईडी के सामने होंगे पेश, पात्रा चॉल केस में होगी पूछताछ

raut-sanjay

महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से जारी सियासी घमासान के बीच शिवसेना सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत को आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होना है। इससे पहले संजय राउत को 28 जून को ईडी के सामने पेश होना था लेकिन उन्होंने पेशी के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, जिसकी अनुमति ईडी ने उन्हें दे दी। ईडी ने संजय राउत को दूसरा समन भेजते हुए 1 जुलाई को पूछताछ के लिए पेश होने के लिए बुलाया है। शिवसेना सांसद ने 7 जुलाई तक का समय मांगा था, लेकिन ईडी ने उनकी याचिका खारिज कर दी।

ईडी के सामने अपनी पेशी को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, ‘मैं  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय जाऊंगा।’ साथ ही उन्होंने कहा कि ‘कुछ लोग हमें जेल पहुंचाना और राज्य चलाना चाहते है, जैसा कि आपातकाल के दौरान हुआ था। मैं अपने काम निपटाने के बाद ईडी के समक्ष पेश हो जाऊंगा। मैं एक सांसद हूं। मुझे कानून पता है। भले ही कानून प्रवर्तन एजेंसियां गलत तरीके से काम कर रही हैं, लेकिन मैं कानून का पालन करने वाला व्यक्ति हूं।’

आपको बता दें ईडी 1,034 करोड़ रुपए के पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामले में शिवसेना नेता की संपत्ति को अटैच कर चुका है। निदेशालय ने संजय राउत के अलीबाग में एक प्लॉट और दादर में एक फ्लैट को कुर्क कर दिया था। ईडी राउत के अलावा उनकी पत्नी से भी पूछताछ कर चुका है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1034 करोड़ रुपये से अधिक के भूमि घोटाले के सिलसिले में गुरुआशीष कंस्ट्रक्शन नाम की एचडीआईएल (हाउसिंग डेवलपमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड) की  सहयोगी कंपनी के निदेशकों में से एक प्रवीण राउत को गिरफ्तार कर चुका है। राउत का नाम पहले पीएमसी बैंक घोटाले में जांच के दौरान सामने आया था जिसमें सारंग और राकेश वधावन मुख्य आरोपी हैं।