संजय बिष्ट बने आर्यन छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष

0
WhatsApp Image 2025-11-14 at 6.02.41 PM

आर्यन छात्र संगठन का 20वां स्थापना दिवस संपन्न      

14 नवम्बर, श्रीनगर   
आर्यन छात्र संगठन उत्तराखंड का दो दिवसीय प्रदेश अधिवेशन 13 और 14 नवंबर को हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर, श्रीनगर (गढ़वाल) में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अधिवेशन एवं स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदेशभर से संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सदस्य एवं विभिन्न महाविद्यालयों के नव-निर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन की दिशा, व्यापक भूमिका और आने वाले वर्ष के कार्यकलापों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अधिवेशन में प्रतिभागियों द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिनके आधार पर संगठन ने आगामी वर्ष के लिए एक संकल्प पत्र जारी किया और वार्षिक कैलेंडर तैयार किया। यह संकल्प पत्र संगठन को अधिक सशक्त, गतिशील और प्रदेश के युवाओं से सीधे जुड़े मुद्दों पर केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सबसे महत्वपूर्ण घोषणा प्रदेश पदाधिकारियों की रही, जिसमें श्री संजय बिष्ट (पौड़ी) को आर्यन छात्र संगठन का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही श्री दीपक भट्ट (उत्तरकाशी) संगठन महामंत्री, श्री शक्ति सिंह बर्त्वाल (रुद्रप्रयाग) प्रदेश संयोजक, श्री कमल सिंह नेगी (देहरादून) गढ़वाल मंडल संयोजक एवं श्री विजय खनवाल (अल्मोड़ा) कुमाऊँ मंडल संयोजक घोषित किए गए। अधिवेशन में अनुशासन एवं संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया ।
इस अवसर पर आर्यन छात्र संगठन के संस्थापक श्री राकेश सिंह नेगी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमित नेगी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल डबराल, पूर्व प्रदेश संयोजक अनिल सिंह तोमर, देवकांत देवराड़ी, राम प्रकाश, दीपेंद्र कोहली, देवेंद्र भट्ट, रॉबिन रावत, नीता रावत, हीना परस्वाण, शिवानी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *