रेवाड़ी सिविल अस्पताल में बड़ा हादसा टला: जच्चा-बच्चा कक्ष की छत से गिरा प्लास्टर, परिजन बोले- लापरवाही की चरम सीमा मरीजों में मचा हड़कंप, सीलन से गिरी छत पर प्रबंधन ने दिया सफाई- ‘सभी सुरक्षित
रेवाड़ी : सिविल अस्पताल, रेवाड़ी में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जच्चा-बच्चा कक्ष की छत से अचानक प्लास्टर का हिस्सा गिर गया, जिस समय कमरे में छह महिलाएं मौजूद थीं। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। घटना के बाद मरीजों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना करीब दोपहर 1:30 बजे हुई। अचानक प्लास्टर का टुकड़ा एक महिला के पास गिरा, जिससे मरीज और उनके परिजन घबरा गए। नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी और मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जच्चा-बच्चा जैसी संवेदनशील वार्ड में भी रखरखाव की भारी कमी है और मरीजों की जिंदगी खतरे में डाली जा रही है। वहीं सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने कहा कि प्लास्टर सीलन की वजह से गिरा था, किसी को चोट नहीं आई और सभी मरीज सुरक्षित हैं।
