Republic Day 2019: राजपथ पर होने वाली परेड में इस बार उत्तराखंड से 14 एनसीसी कैडेट्स का चयन
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में राजपथ पर होने वाली परेड में इस बार उत्तराखंड से रिकार्ड एनसीसी कैडेट्स का चयन किया गया है। इस बार 14 एनसीसी कैडेट्स परेड में कदमताल कर प्रदेश का मान बढ़ाएंगे। उत्तराखंड में एनसीसी की शुरुआत होने के बाद से यह पहला मौका है, जब इतनी संख्या में छात्रों का चयन राजपथ परेड के लिए हुआ है। इनमें सात छात्राएं शामिल हैं।
चयनित कैडेटों को तीन बार कड़ी स्पर्धा से गुजरना पड़ा। प्रदेश से इस दफा 111 कैडेट्स गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के लिए चयनित हुए हैं। इसमें 74 छात्र और 37 छात्राएं शामिल हैं। एनसीसी कैडेट परेड के अलावा गार्ड ऑफ ऑनर, ड्रील प्रतियोगिता और विभिन्न सांस्कृति कार्यक्रमों में भाग लेगें। जिसका अवलोकन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री व अन्य विशिष्ट जन करेंगे। दिल्ली में 31 जनवरी तक चलने वाले कैंप के बाद फरवरी के पहले सप्ताह में सभी कैडेट का राजभवन में स्वागत किया जाएगा। इस दफा उत्तराखंड के कंटेजेंट कमांडर के तौर पर 29 बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल सुदीप बोस छात्रों के साथ मौजूद हैं। प्रभारी उत्तराखंड एनसीसी मेजर जनलर सुधीर बहल और दून ग्रुप कमांडर ब्रिगेडिर एसपी सिंह ने सभी छात्रों को बधाई दी।
ये कैडेट्स बढ़ाएंगे मान
छात्राएं ..
निशा डांगी, शिवानी गुसाईं, दिव्या संगुरी, गुंजन नागरकोटी, प्रग्या गैरोला, प्रियंका मेहता, संध्या बिष्ट।
छात्र..
सोनू जोशी, गौतम कुमार, दिव्यांश भारद्वाज, राहुल सिंह, संदीप सिंह, पंकज सिंह बिष्ट, रवि मेहरा।
पीएम को ये छात्र देंगे गार्ड ऑफ ऑनर
छात्राएं..प्रेरणा वाडिया, आंचल पुजारी, सपना चौखियाल।
छात्र..मोहम्मद नादीम सलमानी, सुमित खाती, दर्शन सिंह बोहरा, प्रदीप सिंह, दीपक सिंह शाही, नीरज सिंह बेलवाल।
राज्य गठन के समय से ही एनसीसी से जुड़ा हुआ हूं। डीएवी पीजी कॉलेज में एनसीसी अफसर के पद पर साल 2000 से तैनात हुआ था। साल 2006 में, आठ अगस्त को प्रदेश का अलग निदेशालय बना था। इस दफा प्रदेशभर से 111 एनसीसी कैडेट गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल हुए हैं। राज्य बनने से अब तक, इस बार रिकार्ड 14 छात्रों का राजपथ परेड के लिए और सात छात्रों का गार्ड ऑफ ऑनर के लिए चयन हुआ है। यह खुशी की बात है, भविष्य में भी एनसीसी लगतार इसी तरह बढ़त बनाएगी।
मेजर अतुल सिंह, एनसीसी अफसर डीएवी पीजी
डीएवी पीजी से सर्वाधिक छात्रों का चयन
प्रदेशभर से गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित कैडेट्स में डीएवी पीजी कॉलेज से सर्वाधिक छात्रों का चयन हुआ है। प्रदेश भर से चयनित 111 कैडेट्स में डीएवी पीजी कॉलेज के 13 छात्र शामिल हैं। डीएवी प्राचार्य डा. अजय सक्सेना ने बताया कि हर साल डीएवी कॉलेज से सर्वाधिक कैडेट्स परेड के लिए चयनित होते हैं। वहीं यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत भी एनसीसी छात्र लगातार विदेशों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस बार राज्य की गणतंत्र दिवस परेड में भी डीएवी के छात्र मोहित शुक्ला और प्रियंका भट्ट कमांड कर रहे हैं।
