‘इतनी गप मत मारो महाराज…’ राजा वड़िंग ने मनप्रीत बादल पर साधा निशाना, नौकरी वाले वीडियो पर बढ़ा सियासी पारा
वायरल वीडियो में नौकरी देने के वादे पर भड़के राजा वड़िंग, बोले- पंजाब के लोग अब गुमराह नहीं होंगे
पंजाब डेस्क: पंजाब के गिद्दड़बाहा से बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल के नौकरी की पेशकश वाले वायरल वीडियो पर कांग्रेस सांसद राजा वड़िंग ने कड़ा प्रहार किया है। वड़िंग ने कहा कि मनप्रीत बादल आम जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इतनी गप मत मारो महाराज, क्योंकि वोट डेढ़ साल बाद फिर आ जाएंगी और आपको फिर हार का सामना करना पड़ेगा।”
वड़िंग ने जनता को सचेत करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी के लिए हर किसी को आवेदन करना पड़ता है और केवल परीक्षा पास करने पर ही नियुक्ति होती है। उन्होंने बादल पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग अब ऐसे गुमराह करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
वायरल वीडियो ने बढ़ाया सियासी पारा
मनप्रीत बादल के एक वीडियो ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस वीडियो में बादल 18 से 23 साल के युवाओं को आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ और रेलवे में नौकरी दिलाने का दावा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह एक युवक से कहते हैं, “जब तुम्हारा रोल नंबर आए तो आधी रात को भी मेरे पास आ जाना।”
इस वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने बादल की आलोचना करते हुए इसे जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया है। विपक्षी दलों का कहना है कि ऐसे वादे राजनीति में नैतिकता की कमी को दर्शाते हैं।
