राहुल गांधी रायबरेली से कांग्रेस की उम्मीदवार, अमेठी से केएल शर्मा को टिकट

देहरादून। नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली से पार्टी उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। राहुल गांधी रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं अमेठी से पार्टी ने किशोरी लाल शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। किशोरी लाल सोनिया गांधी के भरोसमंद माने जाते है। इसी के साथ प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया। कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह इसकी आधिकारिक घोषणा की।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 1999 के लोकसभा चुनावों तक अमेठी सीट से चुनाव लड़ती थीं। इसके बाद 2004 में उन्होंने राहुल के लिए यह सीट छोड़ी और रायबरेली का रुख किया। राहुल ने 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से आसान जीत दर्ज की। 2014 में जरूर राहुल को स्मृति ईरानी ने टक्कर दी, लेकिन हरा नहीं पाईं। हालांकि, 2019 में राहुल ने अमेठी के अलावा वायनाड से भी चुनाव लड़ा। अमेठी में उन्हें स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वे वायनाड से जीतकर लोकसभा पहुंचे। इसके बाद 2024 में सोनिया गांधी को पार्टी ने राज्यसभा भेजने का फैसला किया और उनकी पारंपरिक सीट रायबरेली से राहुल को उतारा।

भाजपा ने अमेठी-रायबरेली से इन्हें उतारा

भाजपा ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को अमेठी से एक बार फिर उम्मीदवार घोषित किया है। स्मृति ने 29 अप्रैल को अपना नामांकन पत्र भी दाखिल किया था। वहीं, भाजपा ने रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है।