पंजाब में 3 और 4 जून को मौसम का बड़ा अलर्ट: कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, जानें कहां जारी हुआ Orange और Yellow Alert
पंजाब डेस्कः प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। तेज़ आंधी और बारिश से मिली राहत के बाद आज सुबह से फिर से धूप निकल आई और गर्मी बढ़ने लगी। इस बीच मौसम विभाग ने बड़ा पूर्वानुमान जारी करते हुए आने वाले दो दिन यानी 3 और 4 जून को बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पंजाब के औसत तापमान में 1.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि बठिंडा का तापमान अब भी सबसे अधिक 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाकी जिलों में पारा 40 डिग्री से नीचे रहा।
विभाग ने बताया कि 3 और 4 जून को पूरे पंजाब में बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने और तेज़ आंधी-तूफान का खतरा रहेगा। मौसम विभाग ने बठिंडा, मुक्तसर, फाजिल्का और मानसा जिलों के लिए Orange Alert और पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, पटियाला, संगरूर, मोगा, बरनाला, फरीदकोट और फिरोजपुर जिलों के लिए Yellow Alert जारी किया है।
