⚡ Punjab Powercom में मचा हड़कंप! तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में लौटने का सख्त आदेश, AC ऑफिस छोड़ने की मची अफरा-तफरी गर्मी और धान सीजन से पहले पावरकॉम ने लिया एक्शन, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर कसेंगे शिकंजा
पटियाला: पंजाब के पावरकॉम दफ्तरों में लंबे समय से तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी और फील्ड में काम न करने की शिकायतों के बाद अब डायरेक्टर डिस्ट्रीब्यूशन ने सख्त लिखित आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, जो कर्मचारी सब-डिवीजनों से हटाकर उच्च कार्यालयों में तैनात हैं, उन्हें तुरंत उनके मूल पदों पर भेजा जाए ताकि बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
कैंट सब-डिवीजन में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान यह बात सामने आई कि जहां 100 तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत है, वहां महज 40 कर्मचारी काम कर रहे हैं। गर्मी और धान के सीजन को देखते हुए यह संकट और भी गंभीर हो सकता है।
अब कर्मचारियों में मची खलबली:
जिन कर्मचारियों ने एसी ऑफिस में जुगाड़ से जगह पक्की कर रखी थी, उनमें हड़कंप मच गया है। कुछ ने तो खुलकर कहा कि ये आदेश पहले भी आए हैं, लेकिन एक्सियन जैसे अधिकारी फिर से स्टाफ की जरूरत बताकर “सिस्टम को मैनेज” कर लेंगे।
ऑफिस में बैठकर हो रहे ‘बड़े लेन-देन’:
सूत्रों की मानें तो कई एक्सियनों ने अपने कार्यालयों में रीडर बनाकर तकनीकी स्टाफ को रखा हुआ है, जो फील्ड की बजाय दफ्तर में रहकर ही बड़े लेन-देन संभालते हैं। इससे आम जनता के वैध कार्यों में भी बाधा और रिश्वतखोरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
जनता बेहाल, भ्रष्टाचार चरम पर:
पटियाला के बिजली दफ्तरों में लोग अपने कामों के लिए धक्के खा रहे हैं और पैसे की खुलेआम मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान जहां भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की बात करते हैं, वहीं फील्ड से गायब कर्मचारी और दफ्तरों में सक्रिय ‘गुर्गे’ इस मिशन को धक्का पहुंचा रहे हैं।
