पंजाब में नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई: एक दिन में 84 तस्कर दबोचे, 2.5 किलो हेरोइन और हजारों की ड्रग मनी बरामद ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 41वें दिन पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता, अब तक 5621 गिरफ्तारियां
चंडीगढ़ (10 अप्रैल): पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सबसे बड़े राज्यव्यापी अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के तहत आज 41वें दिन भी पुलिस ने 84 नशा तस्करों को धर दबोचा। इनकी गिरफ्तारी के साथ 2.5 किलो हेरोइन, 86 किलो भुक्की और ₹70,400 की ड्रग मनी बरामद की गई है। अब तक 41 दिनों में कुल 5621 तस्कर पकड़े जा चुके हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देशों पर राज्य के 28 जिलों में एक साथ चले इस अभियान में 200 से अधिक पुलिस टीमों ने 452 स्थानों पर छापेमारी की। स्पेशल डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला ने बताया कि ऑपरेशन में 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों, 86 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 482 संदिग्धों से पूछताछ की गई और 49 FIR दर्ज की गईं।
तीन-स्तरीय रणनीति ईडीपी (Enforcement, De-addiction, Prevention) के तहत, दो नशा पीड़ितों को पुनर्वास केंद्रों में भेजा गया। वहीं, जेलों में भी तलाशी अभियान तेज हुआ है। बठिंडा, मानसा, बरनाला, पटियाला, संगरूर और एसएएस नगर की जेलों में पुलिस ने बैरकों, रसोई और शौचालयों तक की गहन तलाशी ली।
