पंजाब में सियासी हलचल तय! 10 मार्च से पहले होंगे नगर परिषद चुनाव, हाईकोर्ट ने लगाई फटकार 4 साल से अटके चुनाव पर कोर्ट सख्त, तरनतारन, तलवाड़ा और डेरा बाबा नानक में वोटिंग की तैयारी
चंडीगढ़ः पंजाब में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज होने जा रही है। लंबे समय से टाले जा रहे तीन नगर परिषदों के चुनाव अब आखिरकार करवाए जाएंगे। पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट को आश्वासन दिया है कि 10 मार्च 2025 से पहले ये चुनाव करा लिए जाएंगे।
दरअसल, तरनतारन, तलवाड़ा और डेरा बाबा नानक नगर परिषदों के चुनाव 4 साल से लंबित हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही निर्देश दिया था कि इन्हें समय पर कराया जाए। इसके बावजूद चुनाव नहीं कराने पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार और राज्य चुनाव आयोग को फटकार लगाई।
याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट भीष्म किंगर ने याचिका दाखिल कर बताया कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद सरकार और चुनाव आयोग अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे हैं। मंगलवार की सुनवाई में राज्य चुनाव आयोग ने जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।
अब सरकार के इस वादे के बाद, इन नगर परिषदों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो सकती हैं और सभी प्रमुख पार्टियों ने चुनाव की रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
