पंजाब में बड़ा बदलाव! अब इंतकाल अपडेट के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे पटवारखाने के चक्कर सरकार ने खत्म की जनता की परेशानी, घर बैठे या सेवा केंद्रों पर कर सकेंगे इंतकाल अपडेट, रिश्वतखोरी पर लगेगी लगाम
पंजाब डेस्क: पंजाब सरकार ने जनता को बड़ी राहत देते हुए इंतकाल (भूमि हस्तांतरण) अपडेट करवाने की प्रक्रिया को आसान बना दिया है। अब लोगों को पटवारी और तहसीलदारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार जल्द ही इस सेवा को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करवाने जा रही है, जिससे लोग घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा, सेवा और फर्द केंद्रों पर भी यह सुविधा मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब सरकार जल्द ही इस सुविधा की आधिकारिक घोषणा अप्रैल में कर सकती है। इसके तहत, आम जनता को ऑनलाइन इंतकाल अपडेट, डिजिटल भुगतान और अन्य ज़रूरी भूमि संबंधी सेवाएं मिलेंगी। इस सेवा को सुचारू रूप से लागू करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को पहले ही ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
रिश्वतखोरी पर लगेगा अंकुश!
अब तक लोगों को इंतकाल अपडेट करवाने के लिए पटवारखानों के चक्कर लगाने पड़ते थे और कई बार उन्हें रिश्वत भी देनी पड़ती थी। लेकिन सरकार की इस पहल से पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। अब लोग अपनी सुविधा के अनुसार घर से ही आवेदन कर सकेंगे या नज़दीकी सेवा केंद्र जाकर प्रक्रिया पूरी कर पाएंगे। इसके साथ ही, ऑनलाइन पेमेंट का विकल्प भी मिलेगा, जिससे प्रक्रिया और भी आसान होगी।
