⚠️ Punjab Flood Crisis: काली बेईं और वेणी नदी ने बढ़ाई मुसीबत, पुल के बहने का खतरा मंडराया सुल्तानपुर लोधी में जलकुंभी से रुकी निकासी, खेतों में घुसा पानी, किसानों ने जताई नाराज़गी
सुल्तानपुर लोधी : पंजाब में बाढ़ से जूझ रहे लोगों पर अब एक और संकट मंडरा रहा है। भारी बारिश के चलते ब्यास नदी के उफान के बाद अब काली बेईं और वेणी नदी भी खतरे का सबब बन गई हैं। गांव कालेवाल-मसीतां के पास बने पुल के नीचे हरे जलकुंभी फंसने से पानी की निकासी बंद हो गई है। इसके चलते पुल के बहने का खतरा बढ़ गया है और आसपास के खेतों में पानी घुसने लगा है।
किसानों और सरपंचों ने बताया कि वे लगातार ड्रेनेज विभाग और प्रशासन को लिखित आवेदन देकर सफाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। उनका कहना है कि अगर तुरंत जलकुंभी की सफाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं और आसपास के गांवों में पानी भर सकता है।
