पंजाब में बड़ा किसान ऐलान: 16 जून को सुबह 10 बजे निकलेगा ट्रैक्टर मार्च, सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी के खिलाफ गरजे किसान
पंजाब डेस्क : पंजाब में एक बार फिर किसानों ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। राज्य सरकार की लैंड पूलिंग नीति का विरोध करते हुए किसान संगठनों ने 16 जून को सुबह 10 बजे गलाडा तक विशाल ट्रैक्टर मार्च निकालने की घोषणा की है।
लुधियाना जिले के 32 गांवों के किसान, मजदूर और दुकानदार आज जोधां की अनाज मंडी में इकट्ठे हुए। “काम बचाओ, खेत बचाओ, पिंड बचाओ” एक्शन कमेटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभावित गांवों की पंचायतें और पंच-सरपंच भी शामिल हुए।
किसान नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह किसानों की उपजाऊ जमीन छीनकर कॉरपोरेट्स को देना चाहती है। नेताओं का कहना है कि यह जमीनें गुरु नानक पातशाह और धन्ना भगत जैसे महापुरुषों ने जोती थीं और ये पंजाब की शान हैं। किसानों का आरोप है कि सरकार यहां प्रवासियों को बसाकर न केवल खेती को खत्म करना चाहती है, बल्कि पंजाब की जनसांख्यिकी भी बदलने की कोशिश कर रही है।
इस मौके पर किसान नेताओं मनजीत सिंह धनेर, बूटा सिंह बुर्ज गिल, रुलदू सिंह मानसा, गुरमीत सिंह (राज्य सचिव, के.के.यू.), परमिंदर सिंह चालकी (किसान यूनियन राजेवाल) सहित कई अन्य संगठनों के नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह संघर्ष दिल्ली आंदोलन की तरह लंबा होगा और जल्द ही इसकी रूपरेखा तैयार कर संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) समेत अन्य मंचों की बैठक बुलाई जाएगी।
