पंजाब सरकार का बड़ा तोहफा: कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा 6वें वेतन आयोग के तहत बकाया भुगतान सरकारी और सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के स्टाफ को मिलेगी राहत, 2016 से 2021 तक की राशि होगी जारी
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए 6वें वेतन आयोग (PPC), UGC और AICTE स्केल के तहत बकाया वेतन, पेंशन, ग्रेच्युटी और अवकाश नकदीकरण का भुगतान करने का ऐलान किया है। यह फैसला 1 जनवरी 2016 से 30 जून 2021 तक की अवधि को कवर करता है।
वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, इस निर्णय का लाभ सरकारी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के हजारों कर्मचारियों व पेंशनर्स को मिलेगा। इससे पशुपालन, कृषि, तकनीकी शिक्षा, भाषा विभाग सहित कई विभागों के स्टाफ को राहत मिलेगी।
यह फैसला 13 फरवरी 2025 को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में मंजूरी के बाद लिया गया, और 18 फरवरी को जारी निर्देशों के अनुरूप अमल में लाया गया है। इस फैसले से लंबे समय से बकाया भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
