पंजाब सरकार का दिव्यांगजनों के लिए बड़ा कदम: अधिकारियों को सख्त निर्देश, स्कीमों का लाभ सुनिश्चित करने के आदेश डॉ. बलजीत कौर ने की उच्चस्तरीय बैठक, यूडीआईडी कार्ड की पेंडेंसी खत्म करने और विशेष कैंप लगाने का निर्देश
पंजाब डेस्क: सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर के नेतृत्व में पंजाब राज्य सलाहकार बोर्ड की एक उच्चस्तरीय बैठक पंजाब भवन में आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के लिए बनाई गई सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि उन्हें इन योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
आरक्षण और अधिनियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश
डॉ. बलजीत कौर ने आर.पी.डब्ल्यू.डी. एक्ट 2016 के तहत दिव्यांगजनों को मिलने वाले आरक्षण को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए। उन्होंने सलाहकार बोर्ड की अगली बैठक में दिव्यांगजनों को दिए गए लाभों की विस्तृत जानकारी पेश करने को कहा।
यूडीआईडी कार्ड पेंडेंसी पर लिया सख्त एक्शन
मंत्री ने दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड जारी करने में हो रही देरी पर गंभीर संज्ञान लिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को निर्देश दिया गया है कि लंबित आवेदनों का निपटारा एक महीने के भीतर किया जाए। उन्होंने सिविल सर्जनों को विशेष कैंप आयोजित कर यूडीआईडी कार्ड में विकलांगता के प्रतिशत और अन्य कमियों को दूर करने के लिए निर्देशित किया।
बोर्ड को पेश करने का निर्देश
डॉ. बलजीत कौर ने स्वास्थ्य विभाग को दिव्यांगजनों की समस्याओं का सार्थक समाधान करने और बोर्ड के समक्ष समग्र प्रस्ताव पेश करने का निर्देश दिया।
यह बैठक राज्य के दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं देने और उनके जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
