पंजाब उपचुनाव: गिद्दड़बाहा में AAP की डिंपी ढिल्लों की धमाकेदार जीत, कांग्रेस को बड़ा झटका डिंपी ढिल्लों ने 21801 वोटों के अंतर से हासिल की जीत, मनप्रीत सिंह बादल की करारी हार
गिद्दड़बाहा: पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने गिद्दड़बाहा हलके में शानदार जीत दर्ज की है। आप के उम्मीदवार हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों ने 21801 वोटों के बड़े अंतर से कांग्रेस की अमृता वड़िंग को हराकर जीत हासिल की। डिंपी ढिल्लों को कुल 71198 वोट मिले, जबकि अमृता वड़िंग को 49397 वोटों पर संतोष करना पड़ा।
इस हलके में अकाली नेता मनप्रीत सिंह बादल की हालत बेहद खराब रही, जिन्हें मात्र 12174 वोट ही मिल सके। यह उपचुनाव आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ी जीत और कांग्रेस के लिए गहरा झटका साबित हुआ है।
सबसे ज्यादा वोटिंग गिद्दड़बाहा में
20 नवंबर को चार सीटों पर कुल 63.91% मतदान हुआ था। इनमें सबसे अधिक 81.90% वोटिंग गिद्दड़बाहा में हुई। यहां महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया। अन्य सीटों में चब्बेवाल में 53.43%, डेरा बाबा नानक में 64.01%, और बरनाला में 56.34% मतदान हुआ।
आम आदमी पार्टी की इस जीत ने पंजाब की सियासत में हलचल मचा दी है, खासकर कांग्रेस और अकाली दल के लिए यह उपचुनाव बड़ी हार का संकेत है।
