अंकिता भंडारी हत्याकांड फैसले पर शुरू हुई राजनीति, कांग्रेस ने बताया इसे अधूरा न्याय
देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कोटद्वार एडीजे (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश) कोर्ट ने शुक्रवार को फैसला सुना दिया है। जिसमें कोर्ट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीनों आरोपियों पुलकित आर्या, अंकित गुप्ता और सौरभ भास्कर को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अंकिता भंडारी हत्याकांड पर तीन साल बाद आये फैसले पर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। जहां हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस फैसलों को न्याय बताया है, वहीं, कांग्रेस ने इसे अधूरा न्याय बताया है।
हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अंकिता भंडारी मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा इस मामले में भले ही थोड़ा सा देरी हुई है लेकिन फैसला आ गया है। उन्होंने कहा अंकिता भंडारी की हत्या के बाद उत्तराखंड ही नहीं देशभर में आक्रोश था। यह मामला बेहद चर्चित रहा। आज तीनों आरोपियों को कोर्ट ने सजा देकर परिवार को न्याय देने का काम किया है। उन्होंने कहा फैसले से एक बार फिर न्यायपालिका पर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने दुखद अंकिता प्रकरण में आए न्यायालय के निर्णय को देवभूमिवासियों को संतोष देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों के अकाट्य सबूतों और मजबूत पैरवी के चलते हम दिवंगत बेटी को न्याय दिलाने में सफल हुए हैं।
कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर पोस्ट किया। हरीश रावत ने लिखा अंकिता हत्याकांड पर आखिर फैसला आ गया। जिसमें तीनों दोषियों को आजीवन कारावास हुई है। हरीश रावत ने लिखा वे इस मामले में फांसी की सजा की उम्मीद कर रहे थे। उन्होंने कहा यह राज्य सरकार के अभियोजन पक्ष की कमी है कि उन्होंने उस वीआईपी को बचाने में सफलता पा ली जो इस हत्याकांड का एक बड़ा गुनहगार है।
कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय अधूरा है। उन्होंने कहा अंकिता भंडारी के परिजनों से तीन साल में बहुत कुछ झेला है। उन्होंने कहा पूरा प्रदेश आरोपियों के लिए फांसी की सजा मांग रहा था. साथ ही इस मामले में सबूतों को मिटाने वालों पर भी कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में आज भी वीआईपी के नाम का खुलासा नहीं हो पाया है।
उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कांग्रेस पार्टी इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि देर से ही सही, लेकिन अदालत के इस फैसले ने यह साबित कर दिया है कि सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता है।
