संसद में अनुपस्थित रहने वाले सांसदों को पीएम की फटकार, कहा- परिवर्तन लाइए, नहीं तो परिवर्तन हो जाता है

modi

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में अपने संसदीय दल की बैठक की। इस मौके पर संसद से अनुपस्थित रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को फटकार लगाई। पीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि संसद सत्र में कोई भी सांसद अनुपस्थित न रहे।

प्रधानमंत्री ने सांसदों को उदाहरण देते हुए कहा कि मैं हमेशा आपको संसद में उपस्थित रहने को कहता हूं, आप घर में अपने बच्चों को जब कोई काम करने को कहते हैं और वह नहीं करता तो गुस्सा करते हैं। आपको बुरा लगता है, सोचिए मुझ पर और संसदीय मामलों के मंत्री पर क्या बीतती है, हमें कितना बुरा लगता होगा, आप संसद के कार्य के जरूर शामिल हों। प्रधानमंत्री ने सांसदों को नसीहत देते हुए कहा कि अपने में परिवर्तन लाइए, नहीं तो परिवर्तन हो जाता है।

बीजेपी संसदीय दल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, ”पीएम मोदी ने आज की बैठक में संसद खेल स्पर्धा, तंदरुस्त बाल स्पर्धा और सूर्यानमस्कार स्पर्धा आयोजन करने के लिए आवाहन दिया है। इसके साथ ही जिन्हें पद्म अवार्ड मिला है उनके साथ एक लाइव कार्यक्रम करने का आवाहन भी दिया है।” उन्होंने कहा, ”पीएम ने कहा है कि वह 14 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के काशी में बैठक के लिए जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों (पार्टी के) को बुलाएंगे।”

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने निलंबित 12 राज्यसभा सांसदों पर भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद कहा, ”हमने समझाया कि उन्हें निलंबित क्यों करना पड़ा। जो कुछ भी हुआ, देश ने देखा है। यह ऑन रिकॉर्ड है। अगर वे आज भी माफी मांगते हैं, तो हम निलंबन वापस लेने के लिए तैयार हैं।”

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, पीयूष गोयल, एस जयशंकर, प्रह्लाद जोशी, जितेंद्र सिंह और अन्य लोग भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ शामिल हुए।