कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में आज पीएम मोदी की रैली, 18,680 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन

0
1200-675-26243347-thumbnail-16x9-bengal

कोलकाता/गुवाहाटी।
नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल और असम के दौरे पर हैं। बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे और करीब 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

यह रैली भारतीय जनता पार्टी की राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ के तहत आयोजित की जा रही है। यह यात्रा 1 मार्च से शुरू होकर पूरे राज्य में लगभग 5,000 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है और इसमें 237 विधानसभा सीटों को कवर किया गया है।

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान सड़क, रेलवे, पोर्ट और शिपिंग सेक्टर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। रोड कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 420 किमी से अधिक लंबाई वाले कई नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट लॉन्च किए जाएंगे। इनमें झारखंड और पश्चिम बंगाल में NH-19 के हिस्से और बंगाल में NH-114 शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री NH-116A के तहत 231 किमी लंबे खड़गपुर–मोरग्राम इकोनॉमिक कॉरिडोर के पांच पैकेजों की भी आधारशिला रखेंगे।

रेलवे क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाते हुए पीएम मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य में छह पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

असम में भी बड़े प्रोजेक्ट

प्रधानमंत्री के असम दौरे का आज दूसरा दिन है। वह सिलचर में करीब 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें 22,860 करोड़ रुपये का शिलांग–सिलचर कॉरिडोर प्रोजेक्ट शामिल है, जो उत्तर-पूर्व का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे होगा।

करीब 166 किमी लंबा यह चार-लेन कॉरिडोर मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा तथा गुवाहाटी से सिलचर के बीच यात्रा समय 8.5 घंटे से घटकर करीब 5 घंटे रह जाएगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री सिलचर में एक एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन और करीमगंज जिले के पथरकंडी में कृषि कॉलेज की आधारशिला भी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *