14 सितंबर को जाट राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी, सीएम योगी ने 2019 में की थी इसकी घोषणा
उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं उसी को देखते हुए केंद्र इस समय राज्य पर पूरी मेहरबान है. 14 सिंतबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलीगढ़ में जाट राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे. बता दें कि राजा महेंद्र प्रताप ने 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार बनाई थी. राजा महेंद्र प्रताप जिन्ना के घोर विरोधी माने जाते थे. वो जिन्ना को बिल्कुल भी पंसद नहीं करते थे. इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 1930 में महात्मा गांधी को पत्र लिख राजा महेंद्र प्रताप ने कहा था कि ‘जिन्ना जहरीला सांप हैं. इसे गले मत लगाइए’.
बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने 14 सितंबर, 2019 में प्रदेश की जनता को राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर अलीगढ़ में एक नया विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी.
राजा महेंद्र सिंह ने दी थी अलीगढ़ विश्वविद्यालय के लिए अपनी जमीन
राजा महेंद्र सिंह ने ही अलीगढ़ में विश्वविद्यालय खोलने के लिए अपनी जमीन दान की थी, लेकिन अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के किसी भी कोने में उनका नाम अंकित नहीं है. इसी कारण यहां पर एएमयू का नाम बदलने के लिए काफी मांग उठती रहती है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए रास्ता निकाल लिया है. ऐसे में प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाब में महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय बनाने का निर्णय लिया है.
योगी आदित्यनाथ सरकार ने 2019 में राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर अलीगढ़ में एक नया विश्वविद्यालय स्थापित करने का भरोसा दिलाया था. सीएम योगी आदित्यनाथ विश्वविद्यालय के निर्माण की घोषणा भी की थी.
सीएम योगी पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले तैयारियों का लेंगे जायजा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को अलीगढ़ जाएंगे. सीएम लोधा में स्टेट यूनिवर्सिटी और डिफेंस कॉरीडोर की साइट पर जाकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. शासन स्तर से जनपद स्तर पर इस संबंध में निर्देश मिलने के बाद अफसर हाई अलर्ट मोड पर आते हुए तैयारी में जुट गए हैं. पीएम का 14 सितंबर को कार्यक्रम प्रस्तावित है. कार्यक्रम स्टेट यूनिवर्सिटी स्थल पर होगा. जहां टैंट लगाए जाने का कार्य भी एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा. बता दें कि कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है.
