अरनिया और आर एस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, BSF का एक जनाव शहीद

0
jammu-kashmir

जम्मू। पाकिस्तान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जम्मू के अरनिया और आरएसपुरा सेक्टर में बुधवार रात भारतीय चौकियों और रिहायशी इलाकों में भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान पाकिस्तान की ओर से दागे गए स्नाइपर शॉट में बीएसएफ का एक जवान शहीद व एक नागरिक घायल हो गया।

भारत ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। देर रात तक जारी रही गोलाबारी से सीमांत क्षेत्रों में दहशत व तनाव का माहौल है। शहीद की पहचान 78 बटालियन के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार व घायल नागरिक की पहचान साई दास निवास कपूरपुर, आरएसपुरा के रूप में हुई है।

पाकिस्तान ने रात करीब साढ़े दस बजे आरएसपुरा सेक्टर में भारत की छह पोस्टों पर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। पाकिस्तान ने जिन चौकियों को निशाना बनाया वे रिहायशी इलाकों के साथ सटी हैं, उनमें निक्कोवाल, सतोवाली, बाकरपुर, घराना, सुचेतगढ़, अब्दुल्लियां और कोरोटाना शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने देर शाम स्नाइपर शॉट भी मारा, जिसमें बाकरपुर पोस्ट पर तैनात बीएसएफ का हेड कांस्टेबल शहीद हो गया। बीएसएफ के जवान भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।

पाकिस्तान की ओर से की जा रही इस भारी गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ की आशंका को भी नकारा नहीं जा सकता। पाकिस्तान पहले भी ऐसा कई बार करता रहा है। ऐसे में बीएसएफ के जवान हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। बता दें कि इससे पहले तीन जनवरी को भी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा में पाकिस्तान ने स्नाइपर शॉट दागा था, जिसमें बीएसएफ जवान शहीद हो गया था। भारत ने उसी रात जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 10 रेंजर ढेर कर दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *