पाकिस्तान पर तीन सर्जिकल स्ट्राइक हुई, तीसरी की जानकारी नहीं दूंगाः राजनाथ

0
rajnath singh

पाकिस्तान पर किए गए एयर सर्जिकल को लेकर विपक्ष सरकार से सबूत मांग रहा है, इस बीच गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर बड़ा बयान दिया है। गृहमंत्री ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के ऊपर दो नहीं, बल्कि तीन सर्जिकल स्ट्राइक की है। पहली उरी हमले के बाद, दूसरी पुलवामा के बाद लेकिन तीसरी सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में सरकार ने नहीं बताया।
मंगलौर में राजनाथ सिंह ने कहा कि तीन सर्जिकल स्ट्राइक हुईं। अभी दो की जानकारी ही दूंगा, तीसरे की नहीं। राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले पांच सालों में हमने 3 बार बार्डर पार कर सफलता पूर्वक स्ट्राइक की है। पहली बार जब उरी में हमारे जवान शहीद हुए तब, दूसरी बार जब पुलवामा हमला हुआ, लेकिन तीसरी सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी अभी नहीं दूंगा। राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि भारत अब कमजोर नहीं रहा है।
जम्मू-कश्मीर में हुए पुलवामा आतंकी हमले के बाद 26 फरवरी को भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश के आतंकी ठिकानों पर हमला बोला था। भारतीय वायुसेना ने जैश ए मोहम्मद के आतंकी शिविर पर 1000 किलो के बम गिराए थे। इसमें काफी आतंकियों के मारे जाने की बात सामने आई। भारत ने करीब 12 मिराज लड़ाकू विमानों का प्रयोग किया और 1000 किलो बमों की बारिश कर दी। इसके बाद पाकिस्तान की बौखलाहट सामने आने लगी और उसने भारत के दावे को खारिज करने की कोशिश की।
भारतीय वायुसेना की कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने अगले ही दिन लड़ाकू विमान भारतीय सीमा में घुसाने के प्रयास किए, लेकिन भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के मंसूबों पर पानी फेरकर मुंहतोड़ जवाब दिया।
वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन 27 फरवरी को सुबह करीब दस बजे पाकिस्तानी वायुसेना के फाइटर प्लेन का पीछा करते हुए पाकिस्तान की सीमा में जा घुसे थे। पाकिस्तान के एफ-16 को मार गिराने के बाद अभिनंदन का विमान भी क्रैश हो गया। इस कारण से उन्हें किसी तरह पैराशूट की सहायता से उतरना पड़ा। बाद में करीब 60 घंटे बाद पाकिस्तान ने अभिनंदन को रिहा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *