कश्मीर-हिमाचल में भारी बर्फबारी के चलते आवाजही बाधित, इन इलाकों में बारिश ढहाएगी कहर
मार्च का महीना है तो मौसम का मिजाज बदलना भी लाजमी है। एक तरफ तो मैदानी इलाकों का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी देखने को मिल रही है।
भारतीय मौसम विभाग वैसे अगले कुछ दिनों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी कर चुका है। कश्मीर घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में बीती रात बर्फबारी देखने को मिली है। गुलमर्ग में अब तक करीब 3 इंच बर्फबारी दर्ज की गई और अभी भी इसका दौर जारी है।
इसके अलावा भई सोनमर्ग सहित कश्मीर और गुरेज में भी बर्फबारी का असर देखने को मिला। वहीं लगातार बारिश के कारण श्रीनगर-जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है। भारतीय मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी में आज शाम तक बर्फबारी, बारिश होने की भविष्यवाणी की है। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के नरकांडा जिला में भी सुबह-सुबह बर्फबारी देखने को मिली है।
– 11 से 17 मार्च तक जानिए कैसा रहेगा मौमस का हाल
मार्च के दूसरे सप्ताह में जम्मू कश्मीर में बारिश की संभावना है। हालांकि, बारिश तेज नहीं बल्कि कम ही होगी। इस दौरान उत्तर पूर्वी राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम में बारिश हो सकती है। अगले दो हफ्तों के दौरान देश के किसी भी हिस्से में गर्म हवाएं नहीं चलेंगी। दूसरे सप्ताह में, उत्तर-पूर्व और पूर्व भारत के अधिकांश हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों में अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है और देश के बाकी हिस्सों में सामान्य से नीचे। सोमवार आठ मार्च को उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, कई जिलों के अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है।
– यहां बर्फबारी और बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 9 से 12 मार्च के बीच तूफान के साथ बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है।
– झारखंड का मौसम
झारखंड के कई जिलों में आठ मार्च से आकाश में बादल छाये रहेंगेष 7 मार्च तक मौसम शुष्क नजर आया. आठ मार्च को राज्य के पश्चिमी तथा मध्य झारखंड में आकाश में बादल छायेंगे। नौ को इन इलाकों में गर्जन वाले बादल दिख सकते हैं। 10 और 11 मार्च को इन इलाकों में बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने किया है. शेष दिनों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
