हिमाचल प्रदेश: शिमला के ज्योरी में भारी लैंडस्लाइड के बाद नेशनल हाईवे-5 पूरी तरह से बंद, राहत कार्य जारी

himachal

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बारिश के कारण एक बार फिर भूस्खलन  हो गया है. इस कारण नेशनल हाईवे-5 पूरी तरह से ब्लॉक हो गया है. शिमला के ज्योरी में भूस्खलन आया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस रफ्तार से पत्खर नीचे खिसकर आ रहे हैं. इसे 3 दिन पहले भी देवनगर के समीप विकासनर-पंथाघाटी सड़क मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ था और सड़क किनारे खड़ी तीन कार क्षतिग्रस्त हो गई थी.

आने वाले 3 दिनों में होगी भारी बारिश

हिमाचल में सोमवार से तीन दिन तक भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. 7 सितम्बर को भारी बारिश और 8-9 सितम्बर को भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट है. राज्य में 11 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 7, 8ओैर 9 सितम्बर को भारी बारिश होगी.

विभाग ने शिमला, सोलन, सिरमौर, चंबा, कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश की संभावना जताई है. भूस्खलन के साथ ही बाढ़ और पेड़ों के गिरने की भी आशंका जताई गई है.

उत्तराखंड में आने वाले 3 दिनों तक भारी बारिश

उत्तराखंड में आने वाले 3 दिनों में तेज बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर अलर्ट जारी कर दिया है. विभाग के अनुमान के मुताबिक 6 सितंबर के साथ-साथ 7 और 8 सितंबर को प्रदेशभर में मूसलाधार बारिश हो सकती है. खासकर कुमाऊं और गढ़वाल रीजन के जिलों में 7 सितंबर को तेज और भारी बरसात के आसार हैं. इस दौरान राजधानी देहरादून, टिहरी समेत कई जिलों में मूसलाधार बरसात के आसार हैं. इसके मद्देनजर मौसम विभाग के अलर्ट जारी करने के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है.

इसी के ही साथ उत्तराखंड में पहाड़ी इलाको में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है.