उत्तराखंड: विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से की शिकायत, कहा अधिकारी उठाएं फोन
उत्तराखंड की अफसरशाही विधायकों की अनदेखी कर रही है। विकास करने की बात तो दूर, नौकरशाह विधायकों के फोन तक नहीं उठा रहे हैं। उपेक्षा से आहत कई विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की है। एक के बाद एक ऐसा शिकायतें आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार को पत्र लिखा। अग्रवाल ने मुख्य सचिव से कहा है कि शासन और जिला स्तर के अधिकारियों को विधायकों के फोन उठाने के लिए निर्देश दें। इस पर मुख्य सचिव ने प्रमुख सचिव कार्मिक को जरूरी निर्देश दिए हैं। पहले भी विधायकों को उचित सम्मान न मिलने की चर्चांए सामने आ चुकी हैं। इस मामले में कई विधायक सीएम से भी नाराजगी जता चुके हैं। लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो पाया। अब विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष पत्र लिखकर संरक्षण मांग है। स्पीकर ने कहा कि कई विधायकों ने शासन और जिला स्तर के अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायत की है। इस पर मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है। विधायक चुने गए प्रतिनिधि हैं, इसलिए अधिकारियों को उनके फोन उठाने चाहिए।
अफसरों को सजा संभव
विस सचिव जगदीश चंद्र ने बताया कि यह विधायकों के विशेषाधिकार हनन का विषय है। ऐसे मामले यदि सदन में आए तो विस अध्यक्ष अफसरों को तलब करने के साथ सजा भी दे सकते हैं। जिन अफसरों को सरकार ने फोन दिए हैं, वे विधायकों के फोन उठाने को बाध्य हैं। यदि वे व्यस्त हैं तो उन्हें बाद में कॉल बैक करना चाहिए।
