सामान वितरण में सरकारी निधि का दुरुपयोग, मज़दूरों के हक़ों पर डाकाः इंडिया गठबंधन
देहरादून। इण्डिया गठबंधन ने राज्य सरकार पर मज़दूरों के नाम से हो रहे सामान वितरण में सरकारी निधि का दुरुपयोग करने का संगीन आरोप लगाया है। गठबंधन का आरोप है कि कुछ क्षेत्रों में भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से सामान वितरण अभियान में सिर्फ सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों को लाभ दिया जा रहा है। इण्डिया गठबंधन ने इसे सरकारी धन का दुरूपयोग बताया है।
इण्डिया गठबंधन के छः सदस्य दलों ने इस मामले को लेकर प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी को एक चिट्ठी लिखी है। मुख्यमंत्री के नाम इस चिट्ठी में लिखा है कि कुछ क्षेत्रों में भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा चल रहे सामान वितरण अभियान में सिर्फ सत्ताधारी दल के लोगों द्वारा ही जानता को लाभ दिया जा रहा है। पत्र में उन्होंने कहा कि खबर यह भी आ रही है कि इस वितरण व्यवस्था में अनियमितताएं हो रही है, यह सरकारी निधि का दुरुपयोग है और मज़दूरों के हक़ों पर हनन है।
विपक्षी दलों ने मांग की है कि प्रत्येक पात्र निर्माण मजदूर को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए, और लाभ वितरण श्रम विभाग के आधिकारियो की ही देखरेख में होना चाहिए; क्योंकि महामारी और लॉक डाउन में सबसे ज्यादा नुकसान मज़दूर वर्ग को हुआ था, मज़दूरों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, महिला मज़दूरों के लिए राहत, मज़दूरों को अपने भुगतान समय पर मिलने के लिए ठोस व्यवस्था, और शहर में मज़दूर हॉस्टल एवं मज़दूर चौकों के निर्माण के लिए तुरंत कदम उठाने की ज़रूरत है।
