मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी! देर रात दिल्ली पुलिस के पास आया कॉल, जानें पूरा मामला
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक शख्श ने जान से मारने की धमकी दी है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी शख्स मुंडका का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है. आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है. आरोपी का नाम जय प्रकाश बताया गया है. इस व्यक्ति ने देर रात पुलिस को कॉल कर केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी थी. आरोपी का दिमागी इलाज जल रहा है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सोमवार की रात 12.05 बजे पीसीआर कॉल कर अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी थी. कॉल के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आई और उसकी शिनाख्त की. उसे कुछ ही समय में दबोच लिया गया. आरोपी का इलाज दिल्ली के गुलाबी बाग में चल रहा है, जिसके चलते पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया.
कौन है आरोपी शख्स?
जानकारी के अनुसार आरोपी दिल्ली गेट स्थित एक आई सेंटर में नर्सिंग अर्दली का काम करता है. उसका इलाज मानसिक रोग विशेषज्ञ के पास चल रहा है. पुलिस आरोपी से पूछताछ की कोशिश तो कर रही है लेकिन अब कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है. साथ ही उसकी दिमागी रूप से बीमार होने के कारण उसके साथ सख्ती नहीं बरती जा रह है.
