‘4 महीने के अंदर होगा विपक्ष का महागठबंधन’, आरजेडी सांसद मनोज झा ने विपक्षी एकता पर कही बड़ी बात
लोकसभा चुनाव 2024 के पहले सियासी गठबंधन को लेकर चर्चाओं और अटकलों का दौर शुरू हो गया है. एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी तैयारियों में लगी है तो वहीं विपक्षी दल एकजुट होकर आगामी चुनाव लड़ने को तैयार हैं. इस बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बीते दिनों कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी. इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी थे. इस मुलाकात के बाद एक बार फिर से विपक्षी एकता की कोशिशें जोर पकड़ती दिखाई दे रही हैं. अब इस मुलाकात को लेकर आरजेडी नेता और राज्यसभा सांसद मनोज झा ने शुक्रवार (14 अप्रैल) को एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए एक बड़ा बयान दिया है.
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा- “4 महीने के अंदर होगा विपक्ष का महागठबंधन होगा. सभी एक साथ मंच साझा करेंगे.” उन्होंने कहा कि चेहरे की इर्द गिर्द राजनीति नहीं होगी ताकि लोकतंत्र कमजोर न हो. सीएम नीतीश की जिम्मेदारी है वो कुछ लोगों से बात करेंगे. कुछ लोगों से बात करने की जिम्मेदारी डिप्टी सीएम तेजस्वी को यादव को दी गई है.
आगे एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि हम लोगों के बीच चेहरा नहीं मुद्दे लेकर जाएंगे. नीतीश कुमार के लिफाफा देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लिफाफे की राजनीति बीजेपी करती है. सीएम नीतीश और तेजस्वी यादव राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने पहुंचे थे. वहां लिफाफा खुला था ताकि अलग-अलग दलों से संवाद से संवाद कायम हो सके. वहीं तेजस्वी यादव को बिहार की कमान देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ना नीतीश कुमार को पीएम बनने की जल्दी है और न ही तेजस्वी को सीएम बनने की. ये वो दोनों पहले ही कह चुके हैं.
